दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। सोमवार (23 नवंबर) को अदालत ने कहा कि इस बार सर्दियों में लोग भाग्यशाली रहे हैं और उनके फेफड़ों को कुछ राहत मिली है। कोर्ट ने कहा कि इसके लिए प्रकृति को भी श्रेय दिया जाना चाहिए। अदालत ने वायु प्रदूषण के मामले में संबंधित राज्यों से स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के एडवोकेट जनरल को अगली सुनवाई में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। अदालत ने प्रदूषण को लेकर राज्यों से रिपोर्ट मांगी और दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री रोकने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने का सुझाव दिया। कोर्ट ने कहा कि बाध्यकारी आदेश जारी करने के बजाय इस समस्या के समाधान के लिए लंबे समय की रणनीति तैयार की जानी चाहिए।
दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर क्या बोला सुप्रीम कोर्ट?
‘लाइव लॉ’ के मुताबिक, सुनवाई के दौरान एक वकील ने कोर्ट को बताया कि कमर्शियल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में 30 प्रतिशत की कमी आई है। इस पर CJI ने कहा कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान चाहिए, इसलिए वाहनों और लोगों की आवाजाही जारी रहती है। क्या दिल्ली के बॉर्डर पर ऐसी व्यवस्था बनाई जा सकती है, जहां सामान को स्टोर किया जा सके? उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था इस साल नहीं तो अगले साल शुरू की जा सकती है, लेकिन अगले पांच सालों में ऐसी प्रणाली तैयार होनी चाहिए, जिससे कमर्शियल वाहनों को दिल्ली में प्रवेश न करना पड़े।
CJI ने कहा कि अगर अभी किसी भी तरह का प्रतिबंध लगाया जाता है, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी कहा कि दिल्ली में केवल BS-VI मानक वाले वाहन होने चाहिए। अगर ऐसा दिल्ली में संभव नहीं है, तो कम से कम पूरे NCR में यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
दरअसल, इससे पहले एक वकील ने कोर्ट को बताया था कि वाहनों के प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (PUC) पर रोक लगा दी गई है। इस पर CJI ने कहा था कि फिलहाल इसे ऐसे ही रहने दिया जाए।
